संपादकीय

भाजपा ने व्यापारियों को परेशान करने और विपक्ष को चुप कराने के लिए ईडी-आईटी को राजनीतिक हथियार बनाया: नील गर्ग

April 22, 2025

चंडीगढ़, 22 अप्रैल

आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के नेता और वरिष्ठ प्रवक्ता नील गर्ग ने मंगलवार को पंजाब सरकार की टैक्स नीतियों के खिलाफ निराधार आरोपों के लिए भाजपा की आलोचना की। 
आप नेता गोविंद मित्तल के साथ एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए गर्ग ने भाजपा पर देश भर में "टैक्स आतंकवाद" फैलाने का आरोप लगाया और इससे संबंधित कई आंकड़े प्रस्तुत किए।

गर्ग ने कहा, "यह हास्यास्पद है कि भारत में टैक्स आतंकवाद को संस्थागत बनाने वाले भाजपा नेता पंजाब की आप सरकार पर इस तरह के आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार ने तो दूध, दही, शिक्षण सामग्री जैसी आवश्यक वस्तुओं व मंदिरों- गुरुद्वारों की पूजा सामग्री पर जीएसटी लगा दिया। जबकि भाजपा ने सत्ता में आने से पहले कोई भी नया टैक्स नहीं लगाने का वादा किया था, इसके बजाय उसने छोटे व्यापारियों और दुकानदारों पर जटिल जीएसटी का बोझ डाल दिया जिससे कारण उन्हें वर्षों से परेशानी हो रही है।

गर्ग ने ईडी और आयकर विभाग की छापेमारी के जरिए भय का माहौल पैदा करने के लिए भी भाजपा सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा, "भाजपा सरकार ऐसे छापों से व्यापारियों और छोटे कारोबारियों में दहशत फैलाती है। इसके विपरीत, पंजाब की आप सरकार पारदर्शिता और जवाबदेही को प्राथमिकता देती है तथा बिना किसी उत्पीड़न के व्यापार को बढ़ावा देती है।"


नील गर्ग ने आप सरकार में पंजाब की रिकॉर्ड राजस्व वृद्धि को भी रेखांकित किया और इसकी तुलना पिछली अकाली-भाजपा व कांग्रेस सरकारों के दौरान हुए टैक्स संग्रह से की

आबकारी राजस्व: आप के शासन में तीन वर्षों में ₹28,020 करोड़, जो कि शिअद-भाजपा के (₹20,545 करोड़) और कांग्रेस के पांच वर्षों में (₹27,395 करोड़) के संग्रह से अधिक है।

जीएसटी संग्रह: आप सरकार में तीन वर्षों में 64,253 करोड़ रुपये, जो कांग्रेस के पांच वर्षों के 21,286 करोड़ रुपये से तीन गुना अधिक है।

स्टाम्प ड्यूटी और पंजीकरण शुल्क: आप सरकार के कार्यकाल में यह 14,786 करोड़ रुपये रहा, जो कांग्रेस सरकार के 12,469 करोड़ रुपये और शिअद-भाजपा सरकार के 12,387 करोड़ रुपये से अधिक है।

सरकार की अपना राजस्व: आप के शासन में तीन वर्षों में ₹57,919 करोड़ जो कांग्रेस के पांच वर्षों के ₹37,327 करोड़ से 55 प्रतिशत अधिक है।

बुनियादी ढांचे और विकास पर आप सरकार के फोकस को उजागर करते हुए गर्ग ने कहा कि सरकार का वार्षिक पूंजीगत व्यय 6,603 करोड़ रुपये है - जो कांग्रेस के 3,871 करोड़ रुपये से लगभग दोगुना और शिअद-भाजपा के औसत 2,928 करोड़ रुपये की तुलना में दोगुना से भी ज्यादा है। उन्होंने कहा, "यह पंजाब के परिदृश्य को बदलने के लिए आप की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।"

शिअद-भाजपा पर निशाना साधते हुए गर्ग ने उन पर "माफिया राज" को बढ़ावा देने का आरोप लगाया और कहा, "पिछली सरकारों के विपरित आप सरकार में एकत्रित टैक्स का एक एक रूपया सार्वजनिक कल्याण पर खर्च किया जाता है, जिसके तहत लोगों को मुफ्त बिजली, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा और बेहतर शिक्षा व्यवस्था प्रदान की जा रही है।

गर्ग ने कहा, "यह ईमानदार और पारदर्शी शासन की शक्ति है कि केवल तीन वर्षों में आप सरकार ने राज्य के राजस्व को तीन गुना बढ़ा दिया है। इससे यह साबित होता है कि ईमानदार सरकार असाधारण परिणाम देती है।"

अपनी विफलताओं को नजरअंदाज करने के लिए गर्ग ने भाजपा की आलोचना की। उन्होंने कहा, "जिन लोगों ने भ्रष्टाचार के माध्यम से पंजाब का खजाना खाली किया, वे अब सवाल उठा रहे हैं कि आप सरकार विकास के लिए फंड कैसे जुटा रही है। जबकि इसका जवाब बेहद सरल है - भ्रष्टाचार मुक्त ईमानदार शासन।"

उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को इस तरह के खोखले और बेतुके बयान देने के बजाय अपनी विफलताओं पर विचार और उस पर आत्मनिरीक्षण करना चाहिए। झूठे बयानों से लोगों को गुमराह करना सही नहीं है।

 

ਕੁਝ ਕਹਿਣਾ ਹੋ? ਆਪਣੀ ਰਾਏ ਪੋਸਟ ਕਰੋ

  --%>