चंडीगढ़, 24 मार्च
भ्रष्टाचार के खिलाफ मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार पूरी सख्ती से काम कर रही है। पिछले दिनों बड़ी संख्या तहसीलदारों के तबादले के बाद अब सरकार ने 191 थाने के मुंशियों का ट्रांसफर कर दिया है।
इस मामले पर कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने मीडिया को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि पिछले तीन सालों से आप सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जंग लड़ रही है। सरकार बनने के बाद लगातार सरकार ने बड़ी संख्या में भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की है। कइयों को जेल भेजा गया। अब सरकार भ्रष्टाचार, अपराध और नशा तस्करी पर एक साथ कारवाई कर रही है। जिसका नतीजा आप सबके सामने है।
चीमा ने कहा कि आम आदमी पार्टी का गठन ही भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन से हुआ है। इसलिए हम किसी भी कीमत पर भ्रष्टाचार को सहन नहीं कर सकते। भ्रष्टाचार के खिलाफ शुरू से ही हमारी जीरो टॉलरेंस की नीति रही है। हमने संकल्प लिया है कि हम पंजाब से भ्रष्टाचार को पूरी तरह खत्म कर के रहेंगे।
उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने जब आम आदमी पार्टी बनाई तो सबसे पहला और बड़ा सिद्धांत यही था कि आम आदमी पार्टी करप्शन के खिलाफ जंग की तरह लड़ेगी और देश में जहां भी 'आप' की सरकार बनेगी वहां करप्शन के खिलाफ जबरदस्त कारवाई होगी।
पंजाब सरकार उसी सिद्धांत पर काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि कुछ समय पहले हमें कुछ तहसीलदारों, पटवारियों और राजस्व विभाग के अन्य अधिकारियों के खिलाफ शिकायतें मिली जिसके बाद पूरे पंजाब में उन लोगों पर सख्त कार्रवाई की गई। जिसके बाद पंजाब के लोग अब बहुत राहत महसूस कर रहे हैं दिन- प्रतिदिन भ्रष्टाचार भी खत्म हो रहा है।
उन्होंने कहा कि चाहे तहसील हो या पुलिस स्टेशन या अन्य सरकारी कार्यालय हो सभी जगहों से भ्रष्टाचार को खत्म किया जा रहा है और भ्रष्टाचार में शामिल लोगों पर कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि पिछले दिनों सरकार को कुछ शिकायतें मिली की बहुत सारे पंजाब के पुलिस स्टेशनों में जो मुंशी होते हैं, वे 15-20 सालों तक एक ही थाने में रहते हैं, जिससे भ्रष्टाचार बढ़ने की आशंका बनी रहती है। जबकि थाने के एसएचओ डीएसपी और उनसे उपर के अधिकारियों के अक्सर तबादले होते रहते हैं।
इसलिए मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी की सरकार ने एक बड़ा फैसला किया कि कोई भी मुंशी दो साल से ज्यादा एक थाने में नहीं रह सकता, और जिसका 2 साल से ज्यादा हो गया है तो उसका थाना तुरंत बदला जाएगा। इसी फैसले के तहत आज सरकार ने 191 पुलिस मुंशियों के तबादले कर उनके थाने बदल दिए।
उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में जहां कहीं से हमें थोड़ी-बहुत भी भ्रष्टाचार की खबरें मिलेगी, पंजाब सरकार वहां सख्त एक्शन लेगी। भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करना हमारी जिम्मेदारी है और हम इसे पूरा करेंगे। आप सरकार पंजाब के आम लोगों को भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन देने के लिए प्रतिबद्ध है।