चंडीगढ़, 28 मार्च
पंजाब पुलिस ने किसान मजदूर मोर्चा (केएमएम) के संयोजक सरवन सिंह पंधेर और अभिमन्यु कोहर समेत कई किसानों को आठ दिन की हिरासत के बाद शुक्रवार को जेल से रिहा कर दिया।
मुक्तसर जेल से बाहर आने के बाद पंधेर ने कहा, "मैं पटियाला जा रहा हूं, जहां मैं अपने साथी किसानों से बात करूंगा। हम सरकार द्वारा खनौरी और शंभू बॉर्डर से हमारे विरोध को हटाने की कड़ी निंदा करते हैं। आज हम अगले कार्यक्रम पर चर्चा करेंगे।" किसान नेता कोहर ने कहा कि आमरण अनशन पर बैठे संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) के नेता जगजीत सिंह दल्लेवाल की तबीयत गंभीर है।
उन्होंने कहा, "दल्लेवाल ने 19 मार्च से पानी की एक बूंद भी नहीं पी है। वह बोल भी नहीं पा रहे हैं।" इस सप्ताह की शुरुआत में पंजाब सरकार ने 450 किसानों को पुलिस हिरासत से रिहा करने की घोषणा की थी। पुलिस महानिरीक्षक, मुख्यालय, सुखचैन सिंह गिल ने कहा कि सरकार ने पुलिस हिरासत से लगभग 800 किसानों को रिहा किया है।